रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम जोकरी में आयोजित कार्यक्रम में जिलेवासियों को 33 करोड़ 78 लाख के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने एक उच्चस्तरीय पुल तथा दो विद्युत उपकेंद्रों का लोकार्पण करने के साथ ही चार नए उच्चस्तरीय पुलों के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया।
डोड़की नदी पर उच्चस्तरीय पुल का लोकार्पण, दस गांवों को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री श्री साय ने नारायणपुर-गौता-रजौटी मार्ग पर डोड़की नदी में 6 करोड़ 55 लाख 53 हजार रुपये की लागत से निर्मित 120 मीटर लंबे उच्चस्तरीय पुल का लोकार्पण किया। इस पुल से आसपास के लगभग 10 गांवों की 7,471 आबादी लाभान्वित होगी।
22.77 करोड़ से अधिक की लागत से बनेंगे चार उच्चस्तरीय पुल
मुख्यमंत्री श्री साय ने जिले के विभिन्न ग्रामीण मार्गों पर 22 करोड़ 77 लाख 31 हजार रुपये की लागत से बनने वाले चार उच्चस्तरीय पुलों एवं पहुंच मार्गों का भूमिपूजन किया। इनमें रेंगारघाट-कुड़केला मार्ग पर बोलजोरा में 4 करोड़ 47 लाख 98 हजार रुपये की लागत से 92 मीटर लंबे उच्चस्तरीय पुल का निर्माण किया जाएगा। इससे लगभग 6,500 ग्रामीण लाभान्वित होंगे।
इसी प्रकार बोड़ाकछार-चटकपुर मार्ग पर चंपाझरिया में 4 करोड़ 46 लाख 58 हजार रुपये की लागत से 100 मीटर लंबे उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग का निर्माण होगा। इससे लगभग 3,519 ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।
बसेनताला-चटकपुर मार्ग पर सिंधु नाला में 2 करोड़ 55 लाख 72 हजार रुपये की लागत से 63 मीटर लंबे उच्चस्तरीय पुल का निर्माण किया जाएगा। इससे आसपास के गांवों की लगभग 6,133 आबादी लाभान्वित होगी।
इसके अतिरिक्त ठेठेटांगर-चोंगरीबहार मार्ग पर ईब नदी में 11 करोड़ 27 लाख 3 हजार रुपये की लागत से 312 मीटर लंबे उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग का निर्माण होगा।
काईकछार और बालाछापर में विद्युत उपकेंद्रों का लोकार्पण
मुख्यमंत्री श्री साय ने ग्राम काईकछार एवं बालाछापर में कुल 4 करोड़ 45 लाख रुपये की लागत से निर्मित 33/11 केवी क्षमता के दो विद्युत उपकेंद्रों का लोकार्पण भी किया। इन उपकेंद्रों के प्रारंभ होने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत वितरण व्यवस्था सुदृढ़ होगी।






