गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में अवैध खनिज कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गरियाबंद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ओडिशा के एक हीरा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 9.25 लाख कीमत के हीरे और मोबाइल जब्त किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार 24 मार्च को वरिष्ठ अधिकारियों को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध रूप से हीरे लेकर ग्राहकों की तलाश में गरियाबंद क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गरियाबंद और साइबर टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
टीम ने ग्राम नहरगांव तिराहा स्कूल के पास घेराबंदी कर दबिश दी, जहां संदिग्ध व्यक्ति खड़ा मिला। तलाशी लेने पर उसके पास से 34 नग छोटे-बड़े चमकीले हीरे बरामद हुए, जिनकी कीमत लगभग 9.20 लाख आंकी गई। साथ ही एक रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 5 हजार है।

आरोपी ओडिशा का रहने वाला है
पुलिस ने मौके पर ही आरोपी बंशीधर सेठी 50 वर्ष, निवासी ग्राम धोबापाड़ा, थाना भवानीपटना, जिला कालाहांडी (ओडिशा) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि वह हीरों की बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा था। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21(4) के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
सख्त कार्रवाई होगी
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस पूरी कार्रवाई में सिटी कोतवाली गरियाबंद थाना स्टाफ और साइबर टीम की अहम भूमिका रही।






