देश

तमिलनाडु में आज से ‘विजय युग’ की शुरुआत : शपथ 10 बजे

तमिलनाडु में आज 10 मई सुबह 10 बजे से ‘विजय युग’ की शुरुआत हो रही है। दरअसल, नतीजे आने के बाद शनिवार को पहली बार विजय की पार्टी टीवीके ने गठबंधन के सहयोगियों की मदद से बहुमत का आंकड़ा छुआ। इसके बाद राज्यपाल ने उन्हें सरकार बनाने की मंजूरी दे दी। हालांकि, एक निर्देश भी दिया गया है। इसके तहत, विजय से राज्यपाल ने 13 मई तक या उससे पहले सदन में विश्वास मत हासिल करने को कहा है। अभी विजय के 108 विधायकों के अलावा, कांग्रेस के पांच, सीपीआई, सीपीआईएम, वीसीके, आईयूएमएल के दो-दो विधायक हैं। विजय के खुद के दो सीट से लड़ने की वजह से कुल विधायकों की संख्या 120 हो रही है।

विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा साबित करना होगा

यह बहुमत के आंकड़े से ज्यादा है। हालांकि, विजय को विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा साबित करना होगा।
विजय आज सुबह दस बजे शपथ लेंगे। सप्ताह भर चले राजनीतिक गतिरोध और सरकार गठन को लेकर बने असमंजस के बाद आखिरकार राज्यपाल वीआर अर्लेकर ने तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) प्रमुख विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। राजभवन में विजय और सहयोगी दलों के नेताओं के साथ दो घंटे से अधिक चली बैठक के बाद राज्यपाल ने उन्हें मुख्यमंत्री नियुक्त करने की घोषणा की। शपथ ग्रहण समारोह रविवार सुबह 10 बजे जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में होगा।

पांच दलों का समर्थन मिला

विजय ने कांग्रेस, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), विदुथलाई चिरुथिगल काची (वीसीके) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के विधायकों के साथ राजभवन जाकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। उनके साथ कांग्रेस प्रभारी गिरीश चोडनकर, तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष के. सेल्वापेरुंथगई, माकपा राज्य सचिव पी. शन्मुगम, सांसद सु. वेंकटेशन तथा सहयोगी दलों के अन्य नेता मौजूद थे। राजभवन से लौटते समय विजय की एक झलक पाने के लिए हजारों समर्थक, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल थीं, सड़क किनारे खड़े रहे।

कौन-कौन बन सकता है मंत्री?

विजय के साथ नौ अन्य मंत्री भी शपथ लेंगे। समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के शामिल होने की संभावना है। संभावित मंत्रियों में टीवीके महासचिव ‘बुसी’ एन आनंद, आधव अर्जुना, पूर्व एआईएडीएमके मंत्री केए सेंगोट्टैयन और पूर्व आईआरएस अधिकारी अरुण राज शामिल हैं। कांग्रेस की ओर से थरगई काउथबर्ट और पी. विश्वनाथन के मंत्री बनने की संभावना है। राज्यपाल ने मुख्यमंत्री नामित विजय को 13 मई तक विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने का निर्देश दिया है। नवनिर्वाचित विधायकों को सोमवार को शपथ दिलाई जाएगी, जिसके बाद प्रोटेम स्पीकर और फिर विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा।

Related Posts