नई दिल्ली। सीबीआई ने नीट पेपर लीक मामले में अब दूसरे मास्टरमाइंड महिला को भी गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार की गई महिला का नाम मनीषा गुरुनाथ मांधारे है, जो बायोलॉजी की लेक्चरर है। जानकारी के मुताबिक मनीषा मांधारे एनटीए की पेपर सेटिंग कमेटी का हिस्सा रह चुकी है। एक दिन पहले ही सीबीआई ने रिटायर्ड केमिस्ट्री टीचर पीवी कुलकर्णी को गिरफ्तार किया था। जांचकर्ताओं ने उसे मास्टरमाइंड और नीट पेपर लीक सरगना का मुखिया बताया था।
एनटीए ने बनाया था एक्सपर्ट
सीबीआई ने शनिवार को इस बारे में एक बयान जारी किया। इस बयान के मुताबिक मनीषा गुरुनाथ मांधारे को एक गहन जांच के बाद गिरफ्तार किया गया है। वह नीट यूजी 2026 परीक्षा की प्रक्रिया में शामिल थी। मनीषा को एनटीए ने बतौर एक्सपर्ट शामिल किया था। सीबीआई ने बताया कि उसके पास बॉटनी और जूलॉजी के प्रश्न पत्रों की पूरी एक्सेस थी। मनीषा की भूमिका के बारे में विस्तार से बताते हुए सीबीआई ने कहा कि अप्रैल 2026 में मंधारे ने पुणे की मनीषा वाघमारे के जरिए संभावित नीट परीक्षा उम्मीदवारों को जुटाया। इसके बाद इन छात्रों के लिए अपने पुणे निवास पर कोचिंग क्लासेस चलाईं।
कोचिंग क्लास चलाते हुए लीक किए सवाल
इन कोचिंग क्लासेस के दौरान मंधारे ने बॉटनी और जूलॉजी विषयों से विभिन्न सवाल लीक किए। साथ इसके बारे में विस्तार से समझाया भी। उसने छात्रों से इन सवालों को अपनी नोटबुक में लिखने और किताब में चिन्हित करने को भी कहा। अब मांधारे को आगे की पूछताछ के लिए दिल्ली लाया जाएगा। इनमें से अधिकांश प्रश्न तीन मई को आयोजित नीट यूजी 2026 परीक्षा के वास्तविक प्रश्न पत्र से मेल खाते थे। बता दें कि मनीषा एक ब्यूटी पार्लर चलाती है और उसे 14 मई को गिरफ्तार किया जा चुका है।
एक दिन पहले हुई थी कुलकर्णी की गिरफ्तारी
बताया जाता है कि कुलकर्णी राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की ओर से परीक्षा प्रक्रिया में शामिल था और उसकी प्रश्नपत्रों तक पहुंच थी। अप्रैल 2026 के आखिरी हफ्ते के दौरान उसने एक अन्य आरोपी मनीषा वाघमारे की मदद से छात्रों को इकट्ठा किया था। मनीषा को सीबीआई ने एक दिन पहले 14 मई को गिरफ्तार किया था। एजेंसी ने आरोप लगाया कि कुलकर्णी ने पुणे में अपने आवास पर चुनिंदा छात्रों के लिए विशेष कोचिंग क्लास आयोजित कीं, जहां उसने विकल्पों और सही उत्तरों के साथ प्रश्न लिखवाये। छात्रों के नोटबुक में हाथ से लिखे गये प्रश्न तीन मई को आयोजित नीट-यूजी 2026 परीक्षा के वास्तविक प्रश्नपत्र से बिल्कुल मेल खाते पाये।






