पटना। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव की बुधवार की अहले सुबह मौत हो गई है। 38 साल के प्रतीक यादव को सुबह लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम में चोट की पुष्टि नहीं
प्रतीक के शव का पोस्टमार्टम केजीएमयू में डॉक्टरों के पैनल ने किया है। शरीर पर किसी चोट की पुष्टि नहीं हुई है। सिविल अस्पताल ने कहा है कि प्रतीक की मौत जहर से नहीं हुई है। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगा। पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराई गई है। पोस्टमार्टम के दौरान प्रतीक के साले अमन बिष्ट मौजूद थे।
अपर्णा यादव दिल्ली से लखनऊ पहुंची
प्रतीक की पत्नी और यूपी राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव दिल्ली से लखनऊ पहुंच गई हैं। अपर्णा सोमनाथ मंदिर गई थीं और रात में दिल्ली में रुकी थीं। पति के निधन की खबर सुनकर दिल्ली से निकलीं अपर्णा की फ्लाइट लखनऊ पहुंच गई है। अपर्णा एयरपोर्ट से घर जा रही हैं, जहां प्रतीक का शव लेकर उनके पिता और भाई अस्पताल से आ रहे हैं।
विक्रमादित्य रोड स्थित आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा
केजीएमयू अस्पताल ने अपर्णा के पिता अरविंद सिंह बिष्ट और भाई अमन सिंह बिष्ट को प्रतीक का शव सौंप दिया था। शव को अब विक्रमादित्य रोड स्थित आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। सूत्रों के मुताबिक प्रतीक का दाह संस्कार गुरुवार को लखनऊ में गोमती नदी के किनारे पिपरा घाट पर या दिलकुशा में होगा।
जिम और रियल एस्टेट के बिजनेस में थे प्रतीक यादव
प्रतीक यादव राजनीति से दूर जिम और रियल एस्टेट के बिजनेस में थे। हाल ही में वो मुंबई से काफी दिनों तक इलाज कराकर लौटे थे। तीन दिन पहले भी उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें डायबिटीज, बीपी, सांस फूलने के साथ-साथ फेफड़ा में खून जमने की शिकायत भी थी।






