देश

केरल में नया सियासी युग : वीडी सतीशन ने ली 13वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ, 64 साल बाद बना यह अनोखा रिकॉर्ड

तिरुवनंतपुरम। केरल की राजनीति में सोमवार को एक नया इतिहास रचा गया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीडी सतीशन ने केरलम के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। राजभवन में आयोजित एक भव्य समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने वीडी सतीशन और उनकी पूरी कैबिनेट (20 मंत्रियों) को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

64 साल बाद दोहराया गया इतिहास

केरल के राजनीतिक इतिहास में ऐसा पूरे 64 साल के बाद हुआ है जब मुख्यमंत्री ने अपनी पूरी कैबिनेट के साथ एक ही दिन शपथ ली हो। इससे पहले साल 1962 में राज्य के तीसरे कांग्रेसी मुख्यमंत्री आर शंकर ने अपनी पूरी कैबिनेट के साथ शपथ ली थी। आर शंकर की वह सरकार 1964 में अविश्वास प्रस्ताव के कारण गिर गई थी। अब 64 साल बाद कांग्रेस ने इस इतिहास को वीडी सतीशन के नेतृत्व में दोहराया है।

शपथ ग्रहण समारोह में उमड़ा दिग्गजों का हुजूम

इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए देश के कई बड़े राजनीतिक चेहरे तिरुवनंतपुरम पहुंचे। समारोह में पक्ष और विपक्ष के कई दिग्गज एक साथ नजर आए। bराहुल गांधी और प्रियंका गांधी विशेष रूप से इस कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। विपक्षी नेता केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पी. विजयन भी इस समारोह का हिस्सा बने। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता राजीव चंद्रशेखर ने भी कार्यक्रम में शिरकत की।

देश के सभी कांग्रेस के मुख्यमंत्री पहुंचे

देश के सभी कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री इस ऐतिहासिक शपथ ग्रहण के गवाह बनने केरल पहुंचे। पूरी कैबिनेट के साथ मैदान में उतरी वीडी सतीशन सरकार के सामने अब केरल के विकास और राजनीतिक स्थिरता को बनाए रखने की एक बड़ी चुनौती और जिम्मेदारी होगी।

Related Posts