छत्तीसगढ़

BMW की सनरूफ खोलकर युवती ने किया स्टंट : रील वायरल होने पर रिटायर्ड फॉरेस्ट ऑफिसर का बेटा गिरफ्तार, कार जब्त

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रसूख और रफ्तार के नशे में ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर एक युवती चलती BMW कार की सनरूफ से बाहर निकलकर खतरनाक तरीके से डांस (स्टंटबाजी) करती नजर आई। इस पूरी लापरवाही का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बिलासपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार को जब्त कर लिया है और कार चालक रसूखदार युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया युवक प्रतीक लूथर (36 वर्ष) बिलासपुर के शुभम विहार का रहने वाला है। वह एक रिटायर्ड फॉरेस्ट ऑफिसर (सेवानिवृत्त वन अधिकारी) का बेटा है और शेयर ट्रेडिंग का काम करता है।

 संडे नाइट आउट में सनरूफ खोलकर बनाई रील

जानकारी के मुताबिक, यह घटना रविवार (24 मई) की रात चकरभाठा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे की है। आरोपी प्रतीक लूथर अपनी गर्लफ्रेंड के साथ संडे नाइट का लुत्फ उठाने लॉन्ग ड्राइव पर निकला था। इसी दौरान हाईवे पर कार की रफ्तार तेज कर दी गई और युवक की गर्लफ्रेंड कार की सनरूफ खोलकर बाहर निकल आई और डांस करने लगी।

चलती कार में इस जानलेवा स्टंट और घोर लापरवाही को पीछे से आ रहे एक राहगीर ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो गया, जिसके बाद लोगों ने बिलासपुर पुलिस और ट्रैफिक विभाग को टैग कर कार्रवाई की मांग शुरू कर दी।

ट्रैफिक पुलिस ने नंबर से ट्रेस की कार, युवक ने माना गुनाह

वीडियो वायरल होते ही बिलासपुर ट्रैफिक पुलिस और चकरभाठा थाना पुलिस एक्शन मोड में आ गई। कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पुलिस ने शुभम विहार में दबिश देकर लग्जरी BMW कार को अपनी कस्टडी में ले लिया।

पुलिस की पूछताछ के दौरान आरोपी प्रतीक लूथर ने कबूल किया कि उसने हाईवे पर गाड़ी चलाते समय यातायात के नियमों का उल्लंघन किया है और लापरवाही बरती है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट (MV Act) और यातायात नियमों की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की है।

 पुलिस की चेतावनी : रील के चक्कर में जान जोखिम में न डालें

बिलासपुर पुलिस ने इस कार्रवाई के बाद आम जनता और खासकर युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर रील बनाने या चंद लाइक्स-व्यूज के चक्कर में अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें। हाईवे या शहर की सड़कों पर सनरूफ से बाहर निकलकर स्टंट करना न सिर्फ गैरकानूनी है, बल्कि बेहद जानलेवा भी हो सकता है। पुलिस ने साफ किया है कि सड़कों पर इस तरह की हुड़दंगबाजी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त और तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts