देश

15 राज्यों में प्री-मानसून बारिश का अलर्ट :  राजस्थान में गिरे ओले, यूपी में 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आया तूफान

नई दिल्ली। देश के मौसम में इस समय बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। एक तरफ जहां उत्तर भारत भीषण गर्मी और ‘नौतपा’ की चपेट में है, वहीं दूसरी तरफ तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने तबाही मचाई है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को उत्तरप्रदेश और बिहार समेत देश के 15 से अधिक राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है।

राज्यों में मौसम का हाल : कहीं राहत, कहीं आफत

उत्तरप्रदेश में गर्मी के बीच आंधी-तूफान का सिलसिला जारी है। शुक्रवार सुबह लखनऊ, प्रयागराज, झांसी और चंदौली में 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आए भीषण तूफान और बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। हमीरपुर में इसी तूफान के कारण एक निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिर गया, जिससे 6 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई।

राजस्थान के मरुधरा में नौतपा के बीच मौसम के कई रंग दिख रहे हैं। श्रीगंगानगर में गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान 47.1°C दर्ज किया गया, लेकिन शाम होते-होते यहाँ ओले गिर गए। मौसम विभाग ने राज्य के 12 जिलों में आज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मध्यप्रदेश में मौसम का दोहरा मिजाज देखने को मिलेगा। यहाँ के 6 जिलों में दिन के समय गंभीर हीटवेव (लू) चलेगी, जबकि शाम होते ही गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है।

ओडिशा में पिछले 24 घंटों में बिजली गिरने और तूफान के कारण यहाँ 3 लोगों की जान चली गई। मयूरभंज, क्योंझर, राउरकेला और अंगुल जिलों में 250 से अधिक घरों को भारी नुकसान पहुँचा है और सैकड़ों पेड़ उखड़ गए हैं।

इस साल सामान्य से कम बरसेगा मानसून

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश में मानसून को लेकर नए और चिंताजनक आंकड़े जारी किए हैं। आईएमडी के मुताबिक, इस साल देश में औसत बारिश का अनुमान घटा दिया गया है।

डॉ. एम. मोहपात्रा (डिप्टी डायरेक्टर जनरल, IMD)

साल 2026 के मानसून सीजन में देश में कुल बारिश लॉन्ग पीरियड एवरेज (LPA) के 92% से घटकर अब 90% रहने का अनुमान है। यह साल 2018 (91% बारिश) के बाद सबसे कम बारिश का रिकॉर्ड होगा।

 

Related Posts