जसप्रीत बुमराह आज यानी मंगलवार 14 जुलाई को इंग्लैंड के खिलाफ 3 मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज के पहले मैच में नजर आने वाले हैं। जसप्रीत बुमराह ने बीते करीब दो साल 8 महीने से एक भी वनडे इंटरनेशनल मैच टीम इंडिया के लिए नहीं खेला है। उन्हें आखिरी वनडे इंटरनेशनल मैच खेले हुए 10, 20 या 50 दिन नहीं, बल्कि 968 दिन बीत चुके हैं और आखिरी वनडे मैच भी उनका यादगार नहीं था, क्योंकि उस मैच में भारत को हार मिली थी और पूरा हिन्दुस्तान उस दिन रोया था।
भारतीय टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने आखिरी मैच 19 नवंबर 2023 को खेला था। इसके बाद से अब तक 968 दिन हो चुके हैं, लेकिन वे एक भी मैच नहीं खेले। दो साल और 8 महीने होने को हैं, लेकिन वे 50 ओवर की क्रिकेट में नजर नहीं आए हैं। हालांकि, अब खेलने वाले हैं, लेकिन आखिरी जो मैच उनका था, वह आपको तारीख से शायद याद आ गया होगा कि वह मैच आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 का फाइनल था, जो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला गया था।
खिताबी मैच में हार गया था भारत
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में वर्ल्ड कप 2023 का फाइनल मुकाबला खेला गया था, जिसमें भारत को हार मिली थी और उस दिन हर एक भारतीय क्रिकेट प्रेमी खून के आंसू रोया था, क्योंकि ऑस्ट्रेलिया ने भले ही उस खिताब को जीता था, लेकिन हर कोई चाह रहा था कि यह कप भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली उठाएं। पूरी टीम विराट और रोहित को अपने कंधे पर उठाए, लेकिन किसी ने यह कल्पना नहीं की थी कि जिन कंधों को विराट और रोहित का बोझ उठाना था, वह कंधे मैच के बाद निराशा में झुके हुए होंगे। लगातार 10 मैच जीतकर भारत फाइनल में पहुंचा था। हर किसी ने दमदार प्रदर्शन किया था। इसी वजह से वह हार ज्यादा चुभी थी।
बुमराह पहली बार आएंगे ODI में नजर
बुमराह ने इसके बाद से एक भी वनडे इंटरनेशनल मैच नहीं खेला। इसका सबसे बड़ा कारण यह था कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई उनका वर्कलोड मैनेज कर रहा था। इसके अलावा कई मौकों पर वह चोटिल रहे तो वनडे टीम से दूर-दूर नजर आए, लेकिन एक बार फिर से वनडे विश्व कप की तैयारी शुरू हो गई है तो फिर जसप्रीत बुमराह भी वनडे टीम में लौट आए हैं। 2027 में साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा, जिसके लिए भारतीय टीम आज से तैयारी शुरू कर रही है।






