छत्तीसगढ़

सर्वे का मुआयना करने खेतों तक पहुंचा प्रशासन :  कलेक्टर ने डिजिटल फसल सर्वे का लिया जायजा

कोण्डागांव। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने सोमवार को जिले में संचालित डिजिटल फसल सर्वे कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केशकाल के ग्राम पिपरा, बेड़मा तथा फरसगांव के ग्राम शकरपुर के खेतों में पहुंचकर सर्वे कार्य की प्रगति का जायजा लिया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समय–सीमा में सर्वे पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार डिजिटल फसल सर्वे का कार्य प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाना है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि जिले के सभी किसानों की फसलों का भौतिक सत्यापन और डिजिटल प्रविष्टि सुनिश्चित हो सके।

कलेक्टर ने ग्राम पंचायतों के सरपंचों और सचिवों को निर्देश दिए कि वे अपने गांवों के किसानों को डिजिटल फसल प्रविष्टि ऐप के माध्यम से सर्वेयर द्वारा फसलों का भौतिक सत्यापन एवं ऑनलाइन प्रविष्टि कराने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने किसानों को एग्री स्टैक पोर्टल पर पंजीयन कराने के लिए भी जागरूक करने को कहा।

कलेक्टर पन्ना ने बताया कि किसानों के लिए अपनी उपज का विक्रय करने की दृष्टि से डिजिटल फसल प्रविष्टि और एग्री स्टैक पोर्टल पर पंजीयन की प्रक्रिया महत्वपूर्ण एवं अनिवार्य है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को इस प्रक्रिया की जानकारी देकर समय पर पंजीयन सुनिश्चित कराया जाए।

कलेक्टर ने सरपंचों, सचिवों और पटवारियों से सर्वे कार्य में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि डिजिटल फसल सर्वे एवं पंजीयन प्रक्रिया में कोई भी पात्र किसान छूटना नहीं चाहिए। इसके लिए मैदानी अमले को किसानों से लगातार संपर्क बनाए रखने तथा सर्वे के दौरान आने वाली समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान फरसगांव अनुविभागीय अधिकारी अश्वन पुसाम, केशकाल अनुविभागीय अधिकारी सुश्री आकांक्षा नायक, अधीक्षक भू–अभिलेख सुश्री सुषमा मंडावी, तहसीलदार गणेश सिदार एवं अंकुर रात्रे, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुराग सिन्हा एवं रूपेंद्र नेताम सहित राजस्व, कषि और पंचायत विभाग के अधिकारी–कर्मचारी उपस्थित थे।

Related Posts