रायपुर। छत्तीसगढ़ में यात्री बसों के सफर के लिए किराए की नई दरें तय कर दी गई हैं। परिवहन विभाग ने आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है, जिसके तहत साधारण बस से लेकर सुपर लग्जरी और एसी स्लीपर बसों तक का नया किराया निर्धारित किया गया है। बस संचालकों द्वारा हड़ताल की चेतावनी दिए जाने और सरकार के साथ बनी सहमति के बाद यह बड़ा फैसला लिया गया है।
बसों के किराए की नई दरें
साधारण बसों में पहले 5 किलोमीटर के लिए प्रति यात्री 10 रुपए और इसके बाद हर किलोमीटर के लिए 1.75 का भुगतान करना होगा। साधारण रात्रिकालीन (नाइट सर्विस) बस सेवा का किराया सामान्य बस सेवा से 10% अधिक होगा। इसी तरह डीलक्स बसों में पहले 5 किलोमीटर के 12 रुपए और इसके बाद प्रति किलोमीटर 2.20 रुपए तय किया गया है। डीलक्स बसों की रात्रिकालीन सेवा के लिए भी प्रति किलोमीटर 2.20 रुपए की दर ही लागू रहेगी।
सुपर लग्जरी वातानुकूलित बसों में पहले 5 किलोमीटर के लिए प्रति यात्री 12 रुपए और इसके बाद हर किलोमीटर के लिए 3.30 रुपए किराया लगेगा। अर्द्ध-शयनयान और शयनयान एसी बसों में श्रेणियों के लिए भी सुपर लग्जरी बसों के समान ही प्रति किलोमीटर 3.30 रुपए की दर निर्धारित की गई है।
क्यों बढ़ानी पड़ी किराए की दरें?
किराए बढ़ाने समेत अपनी 9 सूत्रीय मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ यातायात महासंघ ने प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी थी। इसके बाद परिवहन मंत्री केदार कश्यप और विभागीय अधिकारियों के साथ हुई उच्चस्तरीय बैठक में किराया बढ़ाने के प्रस्ताव पर सहमति बनी थी। सरकार के सकारात्मक आश्वासन और कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब विभाग ने इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है।
बस संचालकों का तर्क था कि पिछले लंबे समय से डीजल और बस संचालन से जुड़े अन्य खर्च लगातार बढ़ रहे थे, लेकिन किराए में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई थी, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हो रहा था।
कांग्रेस ने बोला हमला
बस किराए में हुई इस बढ़ोतरी को लेकर विपक्षी दल कांग्रेस ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने बयान जारी करते हुए कहा कि भाजपा शासनकाल में महंगाई चरम पर है। सरकार का यह निर्णय आम जनता पर महंगाई का और अधिक बोझ बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार को पेट्रोल-डीजल के दामों में कमी करके ट्रांसपोर्टर और जनता दोनों को राहत देनी चाहिए थी, लेकिन इस फैसले से जनता की जेब पर सीधा असर पड़ेगा।






