छत्तीसगढ़

कबाड़ी के गोदाम में मिली बीएसपी की रेल पटरी : मैनेजर गिरफ्तार, गैस कटर, ऑक्सीजन सिलेंडर और भारी मात्रा में स्क्रैप जब्त

दुर्ग-भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र का लोहा चोरी कर कबाड़ी के गोदाम में खपाने के मामले में जामुल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने शंकर नगर छावनी स्थित एक कबाड़ी के गोदाम में छापेमारी कर बीएसपी में बनी रेल पटरी के टुकड़े, लोहे के एंगल, सरिया, जाली और भारी मात्रा में स्क्रैप बरामद किया है। पुलिस ने मौके से कबाड़ी के मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है, साथ ही लोहा काटने में इस्तेमाल होने वाले गैस कटर और सिलेंडर भी जब्त किए हैं।

गुप्त सूचना पर पुलिस की छापेमारी

जामुल पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि शंकर नगर छावनी में उदय स्कूल के पीछे स्थित पांडे कबाड़ी के गोदाम में ट्रक ड्राइवरों और अन्य लोगों से बीएसपी की रेल पटरी के टुकड़े व अन्य लोहे की सामग्री अवैध रूप से खरीदकर छिपाई जा रही है।

इस सूचना पर पुलिस टीम ने गोदाम पर दबिश दी। तलाशी के दौरान वहां बड़ी मात्रा में लोहे का सामान और रेल पटरी मिलने पर गोदाम के मैनेजर नरसिंह यादव (51), निवासी नेहरू चौक, शास्त्री नगर, कैंप-1, भिलाई को हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

गैस कटर से काटा जाता था लोहा

पुलिस की पूछताछ में आरोपी मैनेजर नरसिंह यादव ने खुलासा किया कि वह सुरेश सिंह और अन्य श्रमिकों के साथ मिलकर अलग-अलग जगहों से बीएसपी का लोहा और अन्य लोगों से स्क्रैप खरीदता था। गोदाम के अंदर इन लोहे की भारी सामग्रियों को गैस कटर से छोटे टुकड़ों में काटा जाता था और फिर तौल मशीन पर वजन करने के बाद भुगतान किया जाता था।

पुराने चोरी के मामलों से भी जुड़ा तार

जांच के दौरान पुलिस ने गोदाम में मिले लोहे के एंगल और जाली का मिलान जामुल थाने में दर्ज चोरी के पुराने मामलों से किया। पुलिस ने थाना जामुल के अपराध क्रमांक 400/2025 (धारा 303(2) BNS) के तहत दर्ज चोरी के मामलों में इन एंगल और जाली की शिनाख्त कर उन्हें जब्त कर लिया है।

 गोदाम तक कैसे पहुंची बीएसपी की रेल पटरी?

गोदाम में ‘सेल’ लिखा हुआ बीएसपी की रेल पटरी का टुकड़ा मिलने के बाद पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि यह सामग्री गोदाम तक कैसे और कहां से पहुंचाई गई थी। इस अवैध कारोबार में कौन-कौन से ट्रक ड्राइवर और अन्य संदिग्ध लोग शामिल हैं, पुलिस उनका पता लगा रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Related Posts