रायपुर। राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री निवास गेट पर एक युवक ने जमकर हंगामा किया। सुरक्षा घेरा तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश कर रहे इस युवक ने रोकने पर पुलिसकर्मियों से हाथापाई और हमला कर दिया। स्थिति के बेकाबू होने पर पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
सुबह 8.30 बजे की घटना
पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 8.30 बजे डीडी नगर निवासी निखिल परगनिया नामक युवक अचानक मुख्यमंत्री निवास के मुख्य गेट पर पहुंच गया। वह बिना अनुमति के जबरन अंदर प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। मौके पर मुस्तैद डायल 112 की टीम और सुरक्षाकर्मियों ने जब उसे रोकने का प्रयास किया, तो वह भड़क गया और पुलिसकर्मियों से उलझते हुए उन पर हमला कर दिया।
पुलिस को करना पड़ा बल प्रयोग
युवक के आक्रामक तेवर और कथित हमले के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और तनाव की स्थिति बन गई। पुलिसकर्मियों ने जब उसे समझाने और काबू करने की कोशिश की, तो वह नहीं माना। इसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठी का इस्तेमाल किया और उसे खदेड़ते हुए हिरासत में ले लिया। घटना के दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने युवक को हिरासत में थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल, युवक की मानसिक स्थिति और मुख्यमंत्री निवास में घुसने के पीछे उसके वास्तविक उद्देश्य को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।






