स्टोरी

छत्तीसगढ़ में सुशासन तिहार : पारदर्शी, जनोन्मुखी और संवेदनशील प्रशासन की नई दिशा

विशेष लेख  

रायपुर। लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जनता का विश्वास है और सुशासन उस विश्वास को मजबूत करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। जब शासन की योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक बिना किसी बाधा के पहुंचती हैं और समस्याओं का त्वरित निराकरण होता है, तभी सुशासन की अवधारणा सार्थक सिद्ध होती है। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में इसी भावना के अनुरूप पारदर्शी, संवेदनशील और जवाबदेह प्रशासन को प्राथमिकता दी जा रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूलमंत्र को आत्मसात करते हुए राज्य सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जन–जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्यरत है।

डिजिटल सुशासन और सशक्त शिकायत निवारण

आज तकनीक सुशासन की रीढ़ बन चुकी है। राज्य में सेवा सेतु पोर्टल और डिजिटल सेवा केंद्रों के माध्यम से शासकीय सेवाओं की पहुंच ग्रामीण व दूरस्थ अंचलों तक बेहद सुलभ हुई है। इसके साथ ही, आम जनता की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए CM हेल्पलाइन 1076 और नगरीय क्षेत्रों के लिए निदान-1100 जैसी पारदर्शी व्यवस्थाएं प्रभावी रूप से काम कर रही हैं, जिससे नागरिकों और प्रशासन के बीच विश्वास गहरा हुआ है।

अंतिम व्यक्ति का कल्याण और समावेशी विकास

राज्य सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और जनजातीय समुदायों के सर्वांगीण विकास पर ध्यान केंद्रित कर रही है। महतारी वंदन योजना से जहां महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण हुआ है, वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों के पक्के घर का सपना साकार हो रहा है। बस्तर और सरगुजा जैसे सुदूर व संवेदनशील क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार कर विकास को समावेशी बनाया जा रहा है।

जनभागीदारी से विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चले सेवा संकल्प अभियान ने जनसेवा और जनभागीदारी की भावना को नई ऊर्जा दी है। सुशासन की वास्तविक कसौटी हर नागरिक के जीवन में आया सकारात्मक बदलाव है। मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ आज एक ऐसी व्यवस्था की ओर बढ़ रहा है, जहाँ गरीब को सम्मान, किसान को संबल, महिलाओं को सुरक्षा और युवाओं को नए अवसर प्राप्त हो रहे हैं। इसी जन–विश्वास और संवेदनशील प्रशासन के बल पर छत्तीसगढ़ तेजी से स्वर्णिम एवं विकसित राज्य बनने की ओर अग्रसर है।

Related Posts