विशेष लेख
धनंजय राठौर, संयुक्त संचालक, जनसंपर्क रायपुर
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना प्रदेश की महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और बेटियों के भविष्य को संवारने में मील का पत्थर साबित हो रही है। इस योजना के तहत पात्र विवाहित, विधवा, तलाकशुदा और परित्यक्ता महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की वित्तीय सहायता सीधे डीबीटी के माध्यम से दी जा रही है। 1 मार्च 2024 को शुरू हुई इस योजना के तहत अब तक 20,708 करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में अंतरित की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित यह योजना न केवल महिलाओं को घरेलू खर्चों में संबल दे रही है, बल्कि उन्हें सुकन्या समृद्धि खातों के जरिए अपनी बेटियों की उच्च शिक्षा और भविष्य के लिए बचत करने का अवसर भी प्रदान कर रही है। दंतेवाड़ा की प्रमिला पोतामी, रायपुर की मीना निषाद, सूरजपुर की अंजू कुशवाहा और खैरागढ़ की दीपाली मरकाम जैसी महिलाएं इस मासिक सहायता का एक हिस्सा बेटियों के सुकन्या समृद्धि खाते में जमा कर रही हैं, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ संकल्प को जमीनी स्तर पर मजबूत कर रहा है।
सरकार की इस पारदर्शी और जनकल्याणकारी पहल से रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बलौदाबाजार और महासमुंद सहित पूरे प्रदेश की लाखों माता-बहनें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रख रही हैं।






