स्टोरी

राज्योत्सव : मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में साकार हुआ नवा रायपुर में जनजातीय स्वाभिमान का भव्य स्मारक

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की रजत जयंती पर नवा रायपुर अटल नगर में निर्मित ‘शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय’ जनजातीय शौर्य, स्वाभिमान और आधुनिक डिजिटल तकनीक के अनूठे संगम के रूप में उभरा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और जनजातीय कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में तैयार इस अत्याधुनिक संग्रहालय का लोकार्पण 1 नवंबर 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था।

लगभग 50 से 55 करोड़ रुपये की लागत से बने इस संग्रहालय में अमर शहीद वीर नारायण सिंह सहित छत्तीसगढ़ के महान जनजातीय बलिदानियों की शौर्यगाथाओं को सहेजा गया है। जनजातीय अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान परिसर में स्थापित इस संग्रहालय में 650 से अधिक जीवंत मूर्तिशिल्पों के माध्यम से सोनाखान, हल्बा, परलकोट, भूमकाल, तारापुर और मेरिया जैसे प्रसिद्ध ऐतिहासिक जनजातीय विद्रोहों का प्रभावशाली चित्रण किया गया है।

इस संग्रहालय की सबसे बड़ी विशेषता इतिहास और आधुनिक तकनीक का अद्भुत समन्वय है। इसमें अत्याधुनिक वीएफएक्स तकनीक, डिजिटल प्रोजेक्शन, क्यूआर कोड और ऑडियो-विजुअल माध्यमों का उपयोग कर ऐतिहासिक घटनाओं को जीवंत किया गया है।

लोकार्पण के बाद से अब तक 3 लाख से अधिक दर्शक इस संग्रहालय का अवलोकन कर चुके हैं। सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत और अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज मैरीकॉम जैसी प्रमुख हस्तियों ने भी इस डिजिटल स्मारक की सराहना की है। यह संग्रहालय न केवल शोध, शिक्षा और पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन रहा है, बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए राष्ट्रीय चेतना और जनजातीय अस्मिता के गौरव का प्रतीक भी बन गया है।

Related Posts