विशेष लेख :
धनंजय राठौर संयुक्त संचालक
रायपुर। छत्तीसगढ़ में आधारभूत रेल अधोसंरचना का अभूतपूर्व विस्तार हो रहा है। वर्तमान में राज्य में 51,080 करोड़ की विभिन्न रेल परियोजनाओं पर कार्य तेजी से चल रहा है। केंद्र सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए छत्तीसगढ़ के रेलवे बजट आवंटन को बढ़ाकर 7,470 करोड़ कर दिया है, जो 2009-14 के औसत वार्षिक आवंटन (311 करोड़) से लगभग 24 गुना अधिक है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में हो रहा यह विस्तार विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण को मजबूती देगा। इससे औद्योगिक विकास को गति मिलेगी, परिवहन लागत घटेगी और आदिवासी व दूरस्थ अंचलों तक कनेक्टिविटी पहुंचेगी।
खरसिया-नया रायपुर-परमलकसा रेल कॉरिडोर
7,854 करोड़ की लागत से बनने वाला 278 किमी लंबा यह कॉरिडोर बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग के व्यस्त रेल मार्गों को बाईपास करेगा। इससे मालगाड़ियों का परिचालन सुगम होगा और बलौदाबाजार जैसे नए औद्योगिक क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा।
बस्तर में रेल नेटवर्क का विस्तार
रावघाट-जगदलपुर (140 किमी) लाइन के लिए भूमि अधिग्रहण पूरा हो चुका है। दल्लीराजहरा-रावघाट परियोजना के तहत अंतागढ़ तक यात्री ट्रेन शुरू हो चुकी है, जिससे रावघाट की खदानें सीधे भिलाई इस्पात संयंत्र से जुड़ेंगी।
नए संपर्क मार्ग
295 किमी लंबी कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन तथा उत्तर छत्तीसगढ़ के लिए सरडेगा-पत्थलगांव-अंबिकापुर जैसी नई परियोजनाओं पर काम जारी है।
32 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत छत्तीसगढ़ के 32 स्टेशनों का 1,680 करोड़ की लागत से कायाकल्प किया जा रहा है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चांपा, बालोद और सरोना रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल लोकार्पण किया गया। आधुनिक प्रतीक्षालय और दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाओं से यात्रियों को सुगम और सुरक्षित सफर का अनुभव मिल रहा है।






