स्टोरी

सुशासन की मिसाल सीएम हेल्पलाइन : जनता की उम्मीदों पर खरी उतर रही डिजिटल पहल

विशेष लेख :

धनंजय राठौर
संयुक्त संचालक, जनसंपर्क

रायपुर। लोकतंत्र की सबसे बड़ी खूबसूरती यह है कि इसमें शासन और प्रशासन सीधे जनता के प्रति जवाबदेह होते हैं। सुशासन और पारदर्शी व्यवस्था की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा उठाया गया एक बेहद प्रभावी कदम ‘सीएम हेल्पलाइन 1076’ है। आज यह हेल्पलाइन राज्य के आम नागरिकों के लिए वरदान साबित हो रही है, जिसके माध्यम से घर बैठे उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और प्रशासनिक कामकाज की उच्चस्तरीय समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया है कि हेल्पलाइन का उद्देश्य केवल शिकायतों के आंकड़ों को कम करना या पोर्टल पर उन्हें क्लोज करना नहीं है, बल्कि नागरिकों को वास्तविक और संतोषजनक समाधान दिलाना है।

मुख्यमंत्री का स्पष्ट संदेश- संवेदनशीलता, समयबद्धता और समाधान

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि उनकी अपेक्षा बहुत स्पष्ट है—जनता को अपनी समस्या लेकर भटकना न पड़े। अधिकांश अधिकारी-कर्मचारी अच्छा काम कर रहे हैं, जिनके परिश्रम की वे सराहना भी करते हैं। लेकिन कुछ लोगों की लापरवाही से पूरे प्रशासन की छवि खराब हो, यह उचित नहीं है। जो अच्छा काम कर रहे हैं, उन्हें प्रोत्साहन मिलेगा; जहां कमी है, वहां सुधार का अवसर मिलेगा; और जो लगातार लापरवाही करेंगे, उनकी जवाबदेही तय होगी। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 का मूल मंत्र संवेदनशीलता, समयबद्धता और समाधान होना चाहिए।

विस्तृत कार्यप्रणाली और अब तक के आंकड़े

छत्तीसगढ़ शासन के टोल-फ्री नंबर 1076 के माध्यम से नागरिक सरकारी सेवाओं और अपनी समस्याओं से जुड़ी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। यह कॉल सेंटर 24 घंटे और सातों दिन चालू रहता है। राज्य शासन के 49 विभागों के लगभग 8 हजार अधिकारी इससे जुड़े हुए हैं तथा 1195 श्रेणियों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर शिकायतों के निराकरण की व्यवस्था की गई है। सीएम हेल्पलाइन 1076 पर अब तक 2 लाख 45 हजार 376 शिकायतें दर्ज की गई हैं, जिनमें से 2 लाख 10 हजार 649 शिकायतों का सफल निराकरण किया जा चुका है। शेष 34 हजार 727 शिकायतों पर तीव्र गति से कार्रवाई जारी है। इस प्रकार, अब तक प्राप्त कुल शिकायतों में से 85.85 प्रतिशत का सफल निराकरण किया जा चुका है।

धरातल पर दिख रहा बदलाव- त्वरित समाधान के उदाहरण

यह पहल आम नागरिकों के जीवन में वास्तविक बदलाव ला रही है। पामगढ़ (जांजगीर-चांपा) के ग्राम भवतरा निवासी श्री देवेंद्र दिनकर की राशन कार्ड संबंधी त्रुटि का त्वरित सुधार किया गया, जिससे उन्हें नियमित राशन मिलने लगा। दुर्गूकोंदल (कांकेर) के ग्राम हड़फड़ में क्रेडा विभाग द्वारा कुछ ही घंटों के भीतर बिगड़े हुए सोलर पंप का सुधार किया गया। गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में खनिज विभाग ने अवैध रेत एवं गिट्टी परिवहन पर कार्रवाई करते हुए 8 ट्रैक्टर जब्त किए। बसना (महासमुंद) के श्री खिरोद कुमार साव की ईवी सब्सिडी से जुड़ी लंबित समस्या का परिवहन विभाग ने समाधान कर राशि उपलब्ध कराई।

प्रशासन और जनता के बीच मजबूत होती कड़ी

पहले नागरिकों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते थे, लेकिन सीएम हेल्पलाइन 1076 ने इस व्यवस्था को पूरी तरह बदल दिया है। टेक्नोलॉजी के माध्यम से शासन अब सीधे जनता के दरवाजे पर नजर आता है। प्रत्येक शिकायत पर यूनिक रजिस्ट्रेशन नंबर मिलने और उच्च स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग से अधिकारियों की जवाबदेही तय हो रही है। यह डिजिटल पहल समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति के लिए संबल बनकर छत्तीसगढ़ सरकार के ‘सबका साथ, सबका विकास’ और त्वरित समाधान के संकल्प का जीवंत दस्तावेज बन चुकी है।

Related Posts