स्टोरी

बदल रहा है छत्तीसगढ़ : संवर रही है आदिवासियों की जिंदगी

विशेष लेख

धनंजय राठौर
सयुक्त संचालक, जनसंपर्क, रायपुर

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की विकास, विश्वास और सुरक्षा की नीति के परिणामस्वरूप राज्य के दूरस्थ वनांचलों और आदिवासियों के जीवन में ऐतिहासिक बदलाव आ रहा है। खासकर, प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान PM-JANMAN के जरिए राज्य की विशेष पिछड़ी जनजातियों PVTGs जैसे बैगा, पहाड़ी कोरवा, बिरहोर, कमार और अबूझमाड़िया के जीवन में एक नया सवेरा आया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ ने इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट सफलता हासिल की है, जिसके तहत महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा राज्य को प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार

दशकों से भौगोलिक और सामाजिक उपेक्षा का शिकार रहे इन क्षेत्रों में अब सड़क, बिजली, पानी और आवास जैसी बुनियादी सुविधाएं प्राथमिकता से पहुंच रही हैं। पीएम-जनमन योजना के तहत राज्य में विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए 34,691 पक्के मकान स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 24,218 मकानों का निर्माण पूरा हो चुका है। इसके अलावा, गांवों को मुख्यमार्गों से जोड़ने के लिए स्वीकृत 2,901 किलोमीटर लंबी सड़कों में से 1,833 किलोमीटर का कार्य पूरा हो चुका है, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और आवागमन के रास्ते सुगम हुए हैं।

विद्युतीकरण और पेयजल के मोर्चे पर भी महत्वपूर्ण सफलता मिली है। दुर्गम बस्तियों में 7,349 परिवारों का शत-प्रतिशत ऑफग्रिड विद्युतीकरण पूरा हो चुका है। जल जीवन मिशन के माध्यम से हजारों घरों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों की अशुद्ध पानी पीने की मजबूरी खत्म हुई है।

स्वास्थ्य, शिक्षा और आजीविका के नए अवसर

वनांचलों में स्वास्थ्य सेवाओं को घर-द्वार तक पहुंचाने के लिए 61 मोबाइल मेडिकल यूनिट्स पूरी तरह सक्रिय हैं। इसके साथ ही सिकल सेल की जांच, अनुपूरक पोषण आहार और 191 आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन सुचारू रूप से किया जा रहा है। रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए 16 वन धन विकास केंद्र स्थापित किए गए हैं, जो आदिवासियों की आजीविका को मजबूत कर रहे हैं।

डिजिटल समावेशन के तहत सुदूर गांवों में मोबाइल टावर स्थापित किए जा रहे हैं 135 स्वीकृत, जिनमें से 37 पर कार्य शुरू हो चुका है, जिससे जनजातीय युवा डिजिटल दुनिया, ई-कॉमर्स और आधुनिक बाजारों से जुड़ रहे हैं।

Related Posts