छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के पर्यटन मानचित्र पर उभरा चंदलीडीह : रामनामी संस्कृति के साथ रोमांचक पर्यटन का मिलेगा अनुभव

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के बिलाईगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम चंदलीडीह में रामनामी इको टूरिज्म की शुरुआत की गई है। प्रकृति, आस्था, संस्कृति और रोमांच के अनूठे संगम के रूप में विकसित हो रहा यह पर्यटन स्थल आने वाले समय में छत्तीसगढ़ के पर्यटन को नई पहचान दिलाने के साथ ही स्थानीय ग्रामीणों के आर्थिक सशक्तीकरण का माध्यम भी बनेगा।

जिला प्रशासन एवं रामनामी समुदाय के संयुक्त प्रयासों से विकसित किए जा रहे रामनामी इको टूरिज्म का शुभारंभ अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक ने किया। शुभारंभ के पहले ही दिन दो विदेशी पर्यटकों ने चंदलीडीह पहुंचकर यहां की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक परिवेश का अनुभव किया। विदेशी पर्यटकों की आमद से क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने की उम्मीद बढ़ी है।

प्राकृतिक सुंदरता के बीच मिलेगा रोमांचक पर्यटन का आनंद

रामनामी इको टूरिज्म, चंदलीडीह में पर्यटकों को प्राकृतिक सुंदरता के बीच सुकून के पल बिताने के साथ ही विभिन्न रोमांचक गतिविधियों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा। यहां पिकनिक, नौकायन, बांस के बेड़े की सवारी, कायाकिंग, रात्रिकालीन शिविर और सतखंडा पहाड़ की पदयात्रा जैसी आकर्षक गतिविधियां उपलब्ध हैं।

रामनामी समाज की अनूठी सांस्कृतिक विरासत से रूबरू होगी दुनिया

चंदलीडीह पर्यटन स्थल की सबसे बड़ी विशेषता यहां की समृद्ध रामनामी सांस्कृतिक विरासत है। भगवान श्रीराम के प्रति अटूट आस्था, समर्पण और राम नाम को अपने जीवन में आत्मसात करने वाला रामनामी समाज छत्तीसगढ़ की विशिष्ट धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान है।

Related Posts