छत्तीसगढ़

प्रदेश में उच्च शिक्षा के कायाकल्प की तैयारी : 30 कॉलेज बनेंगे उत्कृष्टता केंद्र, 1295 पदों पर होगी सीधी भर्ती 

रायपुर। प्रदेश की उच्च शिक्षा व्यवस्था को रोजगारोन्मुखी, आधुनिक और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप बनाने के लिए राज्य सरकार ने बड़े पैमाने पर सुधारों की कार्ययोजना तैयार की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में नवा रायपुर स्थित मंत्रालय (महानदी भवन) में आयोजित उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। इस दौरान उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा भी विशेष रूप से मौजूद थे।

30 कॉलेज बनेंगे सेंटर ऑफ एक्सीलेंस

बैठक में बताया गया कि प्रदेश के 30 चयनित महाविद्यालयों को शिक्षण और अनुसंधान के उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां आधुनिक प्रयोगशालाएं, स्मार्ट क्लासरूम और उन्नत पुस्तकालय स्थापित होंगे। वर्तमान बजट में आधुनिक उपकरणों व सामग्री के लिए प्रति कॉलेज 3 करोड़ का प्रावधान किया गया है, जबकि अगले दो वर्षों में डिजिटलीकरण और निर्माण कार्यों के लिए प्रति कॉलेज 10 करोड़ रुपये की मांग प्रस्तावित है।

1295 पदों पर भर्ती और 362 प्राध्यापकों को पदोन्नति

कॉलेजों में शैक्षणिक अमले की कमी दूर करने के लिए भर्ती प्रक्रिया तेज कर दी गई है। प्राध्यापक के 595 पदों पर सीधी भर्ती छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग सीजीपीएससी में प्रक्रियाधीन है। इसके अलावा 15 विषयों के सहायक प्राध्यापक 625 पद, ग्रंथपाल 50 पद और क्रीड़ा अधिकारी(25 पद सहित कुल 700 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव आयोग को भेजा गया है। साथ ही, लंबे समय से लंबित 362 सहायक प्राध्यापकों को प्राध्यापक पद पर पदोन्नति दे दी गई है और दिसंबर में 143 अन्य पात्र प्राध्यापकों का प्रस्ताव भेजा जाएगा।

1.40 लाख विद्यार्थियों को अनिवार्य इंटर्नशिप

राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी-2020) के तहत तैयार ‘इंटर्नशिप संचालन नीति-2026’ को राज्यपाल की मंजूरी मिल गई है। इसके तहत करीब 1.40 लाख स्नातक विद्यार्थियों को 2 क्रेडिट की 60 घंटे की अनिवार्य इंटर्नशिप कराई जाएगी, जिससे उन्हें कॉर्पोरेट और स्थानीय उद्योगों में व्यावहारिक कार्य का अनुभव मिलेगा।

उच्च शिक्षा मिशन और जनजातीय क्षेत्रों पर फोकस

वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में छत्तीसगढ़ उच्च शिक्षा मिशन के लिए 50 करोड़ रुपये का प्रावधान है। इसका मुख्य लक्ष्य प्रदेश के सकल नामांकन अनुपात (जीईआर) को वर्तमान 24.5 प्रतिशत से बढ़ाकर वर्ष 2035 तक 50 प्रतिशत करना है।

अंग्रेजी और एआई प्रशिक्षण

जनजातीय अंचलों के 148 सरकारी कॉलेजों में 10 हजार विद्यार्थियों को 90 घंटे का कम्युनिकेटिव इंग्लिश कोर्स कराया जा रहा है। वहीं, गूगल फॉर एजुकेशन के साथ हुए समझौते के तहत पहले चरण में रायपुर के 22 कॉलेजों के 500 से अधिक प्राध्यापकों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का प्रशिक्षण दिया गया है।

Related Posts