नकुलनार। दंतेवाड़ा जिले के बालूद स्थित संचालित ‘छू लो आसमान’ छात्रावास में छात्र की मौत का मामला सामने आया है। छात्र का शव हॉस्टल के कमरे में पंखे से फांसी के फंदे पर लटका मिला। मामले में परिजनों ने हॉस्टल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिससे छात्रावास की व्यवस्था और प्रबंधन की भूमिका पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार कुआकोंडा ब्लॉक के श्यामगिरी निवासी हेमंत कोर्राम का बेटा रोशन कोर्राम का शव हॉस्टल के कमरा नंबर-1 में पंखे से लटका मिला। वह 12वीं का छात्र था। खबर मिलते ही परिजनों में शोक और आक्रोश है।
शव के पास मिली कॉपी के कुछ पन्ने फटे हुए थे। मृतक रोशन के भाई और भाभी को आशंका है कि छात्र ने अपनी मौत से पहले उन पन्नों पर कोई बात लिखी होगी, जिसमें उसकी परेशानी या मौत की वजह का जिक्र हो सकता है। परिजनों ने आशंका जताई है कि उन पन्नों को गायब कर दिया गया है।
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल हॉस्टल अधीक्षक प्रदीप गर्ग पर है। एक दिन पहले किए गए फोन को लेकर सवाल उठ रहा है। परिजनों के मुताबिक अधीक्षक ने घटना से एक दिन पहले फोन कर कहा था कि अपने बेटे को हॉस्टल से घर ले जाओ, लेकिन अगले ही दिन उन्हें बेटे की मौत की खबर मिली। आखिर एक दिन पहले ऐसी क्या परिस्थिति बनी थी कि अधीक्षक ने परिजनों को छात्र को घर ले जाने के लिए कहा था, इस सवाल का स्पष्ट जवाब अब तक सामने नहीं आया है। परिजनों के इन आरोपों ने मामले को और गंभीर बना दिया है। कोतवाली थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पहले दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया था
परिजन का आरोप है कि पहले रोशन को दौड़ा- दौड़ा कर पीटा गया था। रोशन ने इस घटना को घर में बताया था। बड़ा भाई सुरेंद्र बताता है शारीरिक यातना से बड़ी मानसिक यातना है। वह इतनी पिटाई के बाद भी पढ़ना चाहता था। उसे वहां मानसिक टॉर्चर भी किया जा रहा था। यदि हॉस्टल प्रबंधन समय रहते कदम उठाता तो भाई जिंदा होता।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
रोशन कोर्राम नाम के छात्र ने आत्महत्या की है। पुलिस को सूचना दे दी गई है। लापरवाही हुई है तो निश्चित तौर पर करवाई होगी।
-प्रमोद ठाकुर,
जिला शिक्षा अधिकारी, दंतेवाड़ा






