जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ इलाके में नक्सल विरोधी अभियान में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। डीआरजी और जिला पुलिस ने संयुक्त रूप से नक्सलियों के छिपाकर रखे भारी मात्रा में सामान बरामद किया है।
यह सफलता पुलिस को थाना सोनपुर क्षेत्र में खुफिया सूचना के आधार सर्च ऑपरेशन के दौरान मिली। बताया गया है कि कोरसकोड़ों–पांगुड़–कंदुलपार इलाके में नक्सलियों ने हथियार निर्माण से जुड़ा यह डंप जमीन के भीतर छिपाकर रखा था। सूचना मिलते ही डीआरजी टीम ने सर्च अभियान चलाया।
बड़ी मात्रा में मिली हथियार निर्माण की सामग्री
सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों ने लगभग 1000 किलो एल्यूमिनियम रॉड, लोहे के पाइप, बीजीएल सेल, खाली मैगजीन, ग्राइंडर मशीन, वेल्डिंग और कटिंग उपकरण समेत बड़ी मात्रा में हथियार निर्माण में उपयोग होने वाला सामान बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक यह सामग्री नक्सली अपने हथियार और विस्फोटक उपकरण बनाने में इस्तेमाल करते थे। बरामद सभी सामग्री को सुरक्षित रूप से थाना सोनपुर लाकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
डेडलाइन तक नक्सलमुक्त बस्तर का लक्ष्य : एसपी
नारायणपुर के पुलिस अधीक्षक रॉबिन्सन गुड़िया ने कहा कि, नक्सलवाद के खिलाफ अभियान जारी है। तय डेडलाइन तक नक्सलमुक्त बस्तर के लक्ष्य को प्राप्त किया जाएगा।






