भवानीपुर। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में अपराध नियंत्रण और जन-शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए शुरू की गई समाधान सेल योजना रंग लाने लगी है। इसी कड़ी में 10 मार्च की रात गिधपुरी पुलिस ने मुखबिर और समाधान सेल से मिली सटीक सूचना के आधार पर ग्राम तेलासी के मुक्तिधाम के पास घेराबंदी कर जुआ खेल रहे सात जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए जुआरियों में रायपुर जिले के खरोरा थाना क्षेत्र और पलारी क्षेत्र के निवासी शामिल हैं, जिसमें धर्मेंद्र उर्फ राजा डहरिया 28 वर्ष अमसेना, मुकेश कुमार मनहरे 34 वर्ष भंडारपुरी, श्रवण जोशी 51 वर्ष कोडापार, राहुल मनहरे 34 वर्ष भंडारपुरी, मालिक राम डहरिया 35 वर्ष कोडापार, आनंद बंजारे 40 वर्ष भंडारपुरी, अजीत सुरतांगे 35 वर्ष सुंदरी थाना पलारी शामिल हैं।
2 बाइक और 7 मोबाइल जब्त
पुलिस की इस रेड कार्रवाई में आरोपियों के पास से कुल 1,52,000 रुपये नगद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा पुलिस ने घटनास्थल से 52 ताश की पत्तियां, 2 मोटरसाइकिल और 7 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।






