कुरुद। छत्तीसगढ़ के रायपुर–धमतरी नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तरबूज से भरी पिकअप को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे पिकअप चालक की मौत हो गई, जबकि सहयोगी गंभीर रूप से घायल हो गया।
पिकअप चालक टायर बदल रहे थे
मिली जानकारी के अनुसार मानपुर की ओर से तरबूज लेकर आ रही पिकअप क्रमांक सीजी 04 पीब्यू 8948 डीपीएस स्कूल के पास पंचर हो गई थी। चालक 25 वर्षीय चेतन साहू निवासी भेण्डी मगरलोड और उसका सहयोगी 18 वर्षीय तरुण साहू सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर टायर बदल रहे थे। इसी दौरान पीछे से आयरन कच्चा लोहा लेकर रायपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक सीजी 17 केयू 7583 ने खड़ी पिकअप को टक्कर मार दी।
टक्कर मारने के साथ ट्रक पलटा
टक्कर से पिकअप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ट्रक भी कुछ दूरी पर जाकर पलट गया। हादसे में पिकअप चालक चेतन साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तरुण साहू के हाथ में चोट आई है।






