बलौदाबाजार। जिला मुख्यालय बलौदाबाजार स्थित जिला पंचायत सभाकक्ष में गुरुवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नारी शक्ति शामिल होकर अपना समर्थन दिया। इस अधिनियम को लोकसभा में लाने के लिये प्रधानमंत्री नरेन्द मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने आज के दिन को ऐतिहासिक बताते हुए स्वर्णिम अक्षरों में लिखने क़ी बात कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द मोदी ने महिलाओं के सम्मान एवं स्वाभिमान को सर्वोपरि रखते हुए इस अधिनियम को लागू कर रहे है। यह अधिनियम महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम हैं। इस अधिनियम के लागू होने से महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा जिससे उनके राजनीति में आने के सपने पूरे होंगे। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही है और सर्वोच्च पद पर पहुंच रही है। हम सब मिलकर प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्पना को पुरा करेंगे।
जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द मोदी ने महिलाओं के संघर्ष को समझते हुए नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लाये हैं। यह अधिनियम नारी सम्मान को बहुत ऊँचा ले जाएगा। इस अधिनियम के लिए प्रधानमंत्री का आभार।
महिलाओं का राजनीति में आने का सपना होगा साकार
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं का राजनीति में आने के सपने को साकार करेगा। परिवार से सांसद एवं विधायक बनेंगे। जिस समाज में महिला आगे रहती है वह समाज हमेशा आगे बढ़ता है। अधिवक्ता एवं समाज सेवी सोनल केशरवानी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लोकसभा में प्रस्तुत करने से लेकर उसके प्रावधानों के बारे में विस्तार से प्रकाश डाला वहीं महतारी वंदन योजना के हितग्राहियो ने भी अपने अनुभव साझा किये।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारियो एवं महिलाओं ने हस्ताक्षर के जरिये नारी शक्ति वंदन अधिनियम का समर्थन किया। इसके साथ ही खेल, समाज सेवा, जनसेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 10 महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।
भव्य एवं जनजागरूकता से भरपूर पदयात्रा
इसके पूर्व स्थानीय पंडित चक्रपाणी शुक्ल हाई स्कूल प्रांगण से जिला पंचायत कार्यालय तक एक भव्य पदयात्रा निकाली गई। कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा के नेतृत्व में इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल होकर नारी शक्ति वंदन अधिनियम का समर्थन करते हुए जन जागरूकता का सन्देश दिये।

















