पेंड्रा। छत्तीसगढ़ के पेंड्रा-कोरबा-मनेंद्रगढ़ मुख्य मार्ग पर देर रात एक अनियंत्रित ट्रेलर के पेड़ से टकराने से बड़ा हादसा हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि विशालकाय पेड़ जड़ से उखड़ गया और वहां से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से पूरे इलाके की बिजली ठप हो गई।
तेज रफ्तार बना हादसे का कारण
जानकारी के अनुसार, रेत से लदा ट्रेलर नंबर CG-10, AE-7862 काफी तेज रफ्तार में था। अचानक अनियंत्रित होकर वाहन सड़क किनारे लगे पेड़ से जा भिड़ा। हादसे में ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया है। गनीमत रही कि चालक को केवल मामूली चोटें आईं और कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।
ग्रामीणों ने साड़ी बांधकर लगाया ‘सुरक्षा घेरा’
हादसे के बाद हाईटेंशन लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण खतरा बढ़ गया था। ऐसे में स्थानीय ग्रामीणों ने सूझबूझ का परिचय दिया। सुरक्षा के लिहाज से ग्रामीणों ने मौके पर साड़ियां बांधकर घेराबंदी कर दी ताकि कोई करंट की चपेट में न आए। साथ ही, ग्रामीणों ने स्वयं ही सड़क पर गिरे पेड़ को हटाकर यातायात बहाल करने की कोशिशें शुरू कीं।
अवैध रेत परिवहन पर भड़का आक्रोश
इस घटना ने क्षेत्र में धड़ल्ले से चल रहे अवैध रेत परिवहन के मुद्दे को फिर गरमा दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि, रात के अंधेरे में क्षमता से अधिक रेत भरकर ट्रेलर मौत बनकर दौड़ रहे हैं। तेज रफ्तार और लापरवाही के बावजूद प्रशासन इन पर लगाम कसने में नाकाम है। अवैध परिवहन के कारण आए दिन मुख्य मार्गों पर दुर्घटनाएं हो रही हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि, रात में चलने वाले इन भारी वाहनों की सघन जांच की जाए और अवैध रेत खनन व परिवहन पर तत्काल रोक लगाई जाए। फिलहाल, बिजली विभाग लाइन को सुधारने में जुटा है और मार्ग पर आवागमन धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है।

















