छत्तीसगढ़

एक मंडप, एक दूल्हा और दो दुल्हन : कोंडागांव में हुई अनोखी शादी, चर्चा में रहा विवाह कार्ड

फरसगांव। बस्तर संभाग अपनी अनूठी परंपराओं और संस्कृति के लिए जाना जाता है। इसी कड़ी में कोंडागांव जिले के फरसगांव ब्लॉक अंतर्गत ग्राम बैलगांव में एक ऐसी शादी संपन्न हुई, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। यहां एक ही मंडप में एक दूल्हे ने दो दुल्हनों के साथ सात फेरे लिए। 24 मार्च को हुई यह शादी अब पूरे इलाके और सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी है।

परंपरा और सहमति का संगम

आमतौर पर एक दूल्हा एक ही दुल्हन के साथ विवाह के बंधन में बंधता है, लेकिन बैलगांव की इस शादी में आपसी सहमति और सामाजिक स्वीकृति की अनूठी मिसाल देखने को मिली। इस रिश्ते को लेकर न केवल दूल्हा-दुल्हन राजी थे, बल्कि उनके परिजनों और समाज ने भी इसे सहर्ष स्वीकार किया और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न कराया।

चर्चा में रहा विशेष शादी कार्ड

इस विवाह की सबसे खास बात इसका निमंत्रण पत्र रहा। दूल्हे ने बाकायदा कार्ड छपवाया था, जिसमें दोनों दुल्हनों के नाम प्रमुखता से दर्ज थे। जब यह कार्ड ग्रामीणों और रिश्तेदारों के पास पहुंचा, तो पहले तो लोग चौंक गए, लेकिन विवाह समारोह में शामिल होने के लिए भारी संख्या में भीड़ उमड़ी।

डीजे की धुन पर थिरके नवदंपति

शादी की रस्में पूरी तरह से पारंपरिक विधि-विधान से निभाई गईं। हल्दी, मड़वा, बारात और प्रीतिभोज के आयोजनों में उत्साह का माहौल रहा। विवाह की रस्में पूरी होने के बाद दूल्हा और उसकी दोनों दुल्हनों ने डीजे की धुन पर जमकर डांस किया। बारातियों और दूल्हे के दोस्तों ने भी इस जश्न में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

सोशल मीडिया पर वायरल

इस अनोखी शादी की तस्वीरें और वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। जानकारों का कहना है कि बस्तर के कुछ जनजातीय समुदायों में परंपरा और विशेष परिस्थितियों के चलते इस तरह के विवाह पूर्व में भी देखे गए हैं, लेकिन वर्तमान दौर में यह आधुनिकता और परंपरा का एक दुर्लभ मेल नजर आता है।

BABU RAO

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

error: Content is protected !!