सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के कल्याणपुर इलाके में एक बार फिर हाथी का आतंक देखने को मिला है। बुधवार देर शाम एक दंतैल हाथी ने घर लौट रहे ग्रामीण को मौत के घाट उतार दिया। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे घंटों तक आवागमन बाधित रहा।
घर लौटते समय हुआ सामना
जानकारी के अनुसार, कोटबहरा निवासी केशवराम बुधवार देर शाम अपने किसी काम से वापस घर लौट रहा था, तभी कल्याणपुर के पास अचानक उसका सामना एक हाथी से हो गया। इससे पहले कि केशवराम खुद को बचा पाता, हाथी ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हाथी ने युवक को सूंड से उठाकर पटक-पटक कर मार डाला, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
सड़क पर लगा वाहनों का जाम
हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। वन विभाग की कार्यप्रणाली और हाथियों की निगरानी में लापरवाही का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।विरोध प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर ट्रकों और यात्री बसों की लंबी कतारें लग गईं। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी के बावजूद विभाग द्वारा ग्रामीणों को समय पर अलर्ट नहीं किया गया, जिससे यह दुखद हादसा हुआ।
वन विभाग के प्रति भारी आक्रोश
ग्रामीणों ने मृतक के परिवार के लिए उचित मुआवजे और क्षेत्र में हाथियों से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को तत्कालीन सहायता राशि देने और हाथियों की निगरानी बढ़ाने का आश्वासन दिया है।

















