रायपुर। डिजिटल अपराधों और साइबर ठगी से सुरक्षित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा आयोजित साइबर जागृति अभियान एवं ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 का अभिनंदन समारोह संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने साइबर सुरक्षा को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
डिजिटल इंडिया और साइबर सुरक्षा की चुनौती
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डिजिटल इंडिया ने गांव-गांव तक तकनीक की पहुंच को आसान बनाया है। लेकिन डिजिटल सुविधाओं के विस्तार के साथ साइबर अपराधों की चुनौतियां भी बढ़ी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा – साइबर सुरक्षा केवल शासन और पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रत्येक नागरिक का साझा दायित्व है। हमें साइबर जागरूकता को जनआंदोलन बनाना होगा, तभी हम साइबर ठगी से सुरक्षित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार कर सकेंगे।
1.70 करोड़ नागरिकों तक पहुंचा साइबर सुरक्षा का संदेश
छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक संचालित सात सप्ताह के विशेष साइबर जागृति अभियान की उपलब्धियों को साझा किया गया, जिसमें प्रदेश भर में 5 लाख से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए गए और लगभग 1.70 करोड़ लोगों तक ऑनलाइन ठगी से बचाव का संदेश पहुंचाया गया।
जिलों के नवाचारों और ट्रैफिक हैकाथॉन के विजेताओं का सम्मान
कार्यक्रम में साइबर जागरूकता में नवाचार करने वाले जिलों को सम्मानित किया गया, जिसमें मुंगेली में 15 हजार ग्रामीणों के लिए विशेष ग्राम सभाएं। गरियाबंद जिले में 493 मितानिनों और स्व-सहायता समूहों के जरिए परिवारों तक पहुंच। दुर्ग में नुक्कड़ नाटकों से 15 हजार से अधिक लोगों को जागरूक किया। रायपुर में साइबर जागरूकता लघु फिल्म प्रतियोगिता (11 राज्यों के 35 जिलों से 162 प्रविष्टियां)। जांजगीर-चांपा में ‘एक राखी साइबर जागृति के नाम’ अभियान और बिलासपुर आकाशवाणी फोन-इन कार्यक्रम से 8 लाख श्रोताओं तक पहुंच शामिल हैं।
स्मार्ट ट्रैफिक प्रबंधन
ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 के ओवरऑल विजेता श्री कार्तिकेय पंत ने शंकर नगर टर्निंग पॉइंट की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए टैक्टिकल अर्बनिज्म मॉडल प्रस्तुत किया। युवाओं ने एआई और आईओटी आधारित रायपुर नेत्र और दृष्टि जैसे स्मार्ट ट्रैफिक समाधान दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इन व्यावहारिक सुझावों को लागू करने पर गंभीरता से विचार करेगी।
दूरस्थ अंचल में मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा
सार्वजनिक परिवहन का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि बस्तर सहित सुदूर वनांचलों में 100 से अधिक मार्गों पर मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा का संचालन किया जा रहा है। सरकार लाभ-हानि से ऊपर उठकर ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार से जोड़ने के लिए इन बस सेवाओं की आर्थिक क्षति की भरपाई कर रही है।
डिजिटल लेनदेन में भारत की उपलब्धि : उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा
उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि आज दुनिया के कुल डिजिटल लेनदेन का लगभग 50 प्रतिशत भारत में हो रहा है। पुलिस केवल जागरूकता तक सीमित नहीं है, बल्कि फर्जी सिम विक्रेता और बैंक म्यूल खातों से जुड़े गिरोहों पर भी कड़ा शिकंजा कस रही है, जिससे साइबर रिकवरी दर में वृद्धि हुई है।






