छत्तीसगढ़

नक्सलियों के स्टील डिब्बे से निकले 39.77 लाख रुपए : बड़ेपल्ली के जंगल में मिला माओवादी डम्प

बीजापुर। जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बड़ेपल्ली के जंगलों में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए माओवादी डम्प से 39 लाख 77 हजार की नकद राशि बरामद की है।

जानकारी के अनुसार 24 नवंबर को बड़ेपल्ली के जंगल में जमीन के नीचे संदिग्ध सामग्री छिपाए जाने की सूचना मुखबिर से मिली थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देश, एएसपी (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी भैरमगढ़ नवीन कुमार एक्का के नेतृत्व में डीआरजी, भैरमगढ़ पुलिस और बम निरोधक दस्ता की संयुक्त टीम गठित कर क्षेत्र में सर्चिंग अभियान चलाया गया।

स्टील के डिब्बे में टेप से लिपटे मिले नोट

सर्चिंग एवं डिमाइनिंग के दौरान जवानों को जमीन के अंदर एक बोरी में छिपाकर रखा गया स्टील का डिब्बा मिला। डिब्बे को खोलकर जांच करने पर उसमें टेप से लिपटे कई पैकेट बरामद हुए। पैकेटों को खोलने पर उनमें 500-500 रुपए के नोटों की गड्डियों में कुल 39,77,000 रुपए की नकदी मिले।

थाने में की जा रही वैधानिक कार्रवाई

बरामद नकदी के संबंध में भैरमगढ़ थाने में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षा बलों की इस संयुक्त कार्रवाई को क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों व उनके आर्थिक नेटवर्क पर अंकुश लगाने की दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Related Posts