छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में डिजिटल तकनीक से आधुनिक होगी पंजीयन व्यवस्था : धरोहर पोर्टल का पायलट परीक्षण शुरू

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व एवं वित्त एवं पंजीयन मंत्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ में पंजीयन सेवाओं के आधुनिकीकरण और डिजिटल रूपांतरण की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। नागरिकों को सरल, सहज, सुरक्षित एवं पारदर्शी पंजीयन सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग द्वारा नवीन ‘धरोहर’ पोर्टल विकसित किया गया है। इस पोर्टल का पायलट परीक्षण रायपुर के तेलीबांधा स्थित उप पंजीयक कार्यालय क्रमांक-06 में प्रारंभ किया गया है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा शासकीय सेवाओं में आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी क्रम में वित्त एवं पंजीयन मंत्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन में पंजीयन विभाग की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए तकनीकी एवं प्रक्रियागत सुधार किए जा रहे हैं।

पायलट प्रोजेक्ट का उद्देश्य नई प्रणाली का व्यावहारिक परीक्षण करना, तकनीकी चुनौतियों की पहचान करना तथा प्राप्त अनुभवों और सुझावों के आधार पर आवश्यक सुधार करना है, ताकि प्रदेश स्तर पर लागू करने से पहले पोर्टल को अधिक प्रभावी, सुरक्षित और उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाया जा सके।

चरणबद्ध तरीके से लागू होगी नई व्यवस्था

नई तकनीकी प्रणाली के सुचारु क्रियान्वयन के लिए पंजीयन विभाग द्वारा चरणबद्ध प्रक्रिया अपनाई जा रही है। वर्तमान में ‘धरोहर’ पोर्टल का पायलट परीक्षण रायपुर के तेलीबांधा स्थित उप पंजीयक कार्यालय क्रमांक-06 तक सीमित है। रायपुर जिले के अन्य पंजीयन कार्यालयों सहित प्रदेश के शेष कार्यालयों में पूर्व से संचालित एनजीडीआरएस सॉफ्टवेयर के माध्यम से पंजीयन कार्य सामान्य रूप से जारी रहेगा।

33 अधिवक्ताओं एवं 2 दस्तावेज लेखकों की आईडी अनुमोदित

‘धरोहर’ पोर्टल में अधिवक्ताओं एवं दस्तावेज लेखकों के पंजीयन और आईडी जारी करने की प्रक्रिया को सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाया गया है। रायपुर जिले में अब तक आईडी अनुमोदन के लिए प्राप्त सभी आवेदनों को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इनमें 33 अधिवक्ताओं और 2 दस्तावेज लेखकों के आवेदन शामिल हैं।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से आसान होगी दस्तावेज तैयार करने की प्रक्रिया

‘धरोहर’ पोर्टल में नागरिकों की सुविधा के लिए आधुनिक तकनीक पर आधारित अनेक डिजिटल सुविधाओं का प्रावधान किया गया है। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित डीड ड्राफ्टिंग, दस्तावेजों की शर्तों एवं प्रावधानों से संबंधित सुझाव और मॉडल डीड डाउनलोड करने जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इससे पंजीयन के लिए आवश्यक दस्तावेज तैयार करने की प्रक्रिया अधिक सरल और सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी।

संपत्ति का स्वचालित मूल्यांकन और ऑनलाइन भुगतान से बढ़ेगी पारदर्शिता

नवीन पोर्टल में संपत्ति के पारदर्शी मूल्यांकन एवं पंजीयन शुल्क की स्वचालित गणना का भी प्रावधान किया गया है। नागरिक स्टाम्प शुल्क और पंजीयन शुल्क का भुगतान यूपीआई, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग तथा एनईएफटी/आरटीजीएस के माध्यम से ऑनलाइन कर सकेंगे।

Related Posts