रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय, महानदी भवन में पारस पोर्टल की तृतीय समीक्षा बैठक हुई। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की प्रमुख शासकीय योजनाओं, विकास परियोजनाओं एवं नागरिक सेवाओं के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने पिछली समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेश में जारी धान खरीदी के दौरान किसानों से प्राप्त रकबा कम होने संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सभी कलेक्टरों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसी शिकायतें प्राप्त होने पर कलेक्टर स्वयं जांच कर उनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि किसानों को धान विक्रय में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जल जीवन मिशन के कार्यों में लाएं तेजी, ठेकेदारों का समय पर सुनिश्चित करें भुगतान
मुख्यमंत्री श्री साय ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अंतर्गत जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि घर-घर नल से स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की यह अत्यंत महत्वपूर्ण और जनकल्याणकारी योजना है। सभी कलेक्टर इस योजना को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्यों में तेजी लाएं तथा मासिक समीक्षा कर समयबद्ध ढंग से लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिन ठेकेदारों ने कार्य पूर्ण कर लिया है, उनका भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जाए।
विकास परियोजनाओं से संबंधित लंबित वन स्वीकृतियों का शीघ्र करें निराकरण
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत वन स्वीकृति से संबंधित लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को आगामी समीक्षा बैठक से पूर्व लंबित कार्रवाई पूर्ण करने तथा आवश्यक प्रस्ताव राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड को प्रेषित कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
औद्योगिक सुधारों के प्रभाव का करें मूल्यांकन, उद्यमियों तक पहुंचाएं सुधारों का लाभ
उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार ने मुख्यमंत्री को बताया कि प्रदेश में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देने के लिए 700 सुधारों को शामिल किया गया है, जिनके क्रियान्वयन की जिम्मेदारी 25 विभागों को सौंपी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि औद्योगिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े लोगों को इन सुधारों के लाभों एवं प्रभावों की जानकारी दी जाए।






