म्यांमार । म्यांमार में आए भूकंप ने तबाही मचा दी है। भारी तबाही के चलते म्यांमार के 6 राज्यों और पूरे थाईलैंड में इमरजेंसी लगा दी गई है।
यूनाइटेड स्टेट जियोलॉजिकल सर्वे USGS ने मौत का आंकड़ा 10 हजार से ज्यादा होने की आशंका जताई है। शुक्रवार को आए भूकंप के झटके बांग्लादेश, थाईलैंड, चीन और भारत तक महसूस किए गए। म्यांमार की सैन्य सरकार ने कहा है कि मरने वालों का आंकड़ा 1,002 हो चुका है, जबकि 2400 से ज्यादा लोग घायल हैं। भूकंप से थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में एक 30 मंजिला इमारत गिर गई है, जिसमें 10 लोगों की मौत हुई है।
भूकंप की तीव्रता 7.7 आंकी गई
म्यांमार में शुक्रवार सुबह 11.50 बजे आये भूकंप की तीव्रता 7.7 आंकी गई है। बताया जाता है कि म्यांमार और थाईलैंड में यह 200 साल का सबसे बड़ा भूकंप है। भूकंप के बाद भारत ने म्यांमार को 15 टन राहत सामग्री की पहली खेप भेज दी है। इसे ‘ऑपरेशन ब्रह्मा’ नाम दिया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने म्यांमार की जनता सरकार के प्रमुख जनरल मिन आंग ह्लाइंग से बातचीत की और कहा कि करीबी दोस्त और पड़ोसी के रूप में भारत इस कठिन समय में म्यांमार के लोगों के साथ खड़ा है।






