BREAKING

Blog

कर्मचारी थप्पड़ कांड : मंत्री बंगला घेरने निकले कांग्रेसियों और पुलिस के बीच झूमाझटकी

रायपुर। जगदलपुर सर्किट हाउस में मंत्री केदार कश्यप पर कर्मचारी से मारपीट करने का आरोप लगा है।पीड़ित की शिकायत पर राजधानी रायपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झूमाझटकी हुई।

कांग्रेसी गांधी मैदान स्थित कांग्रेस भवन से रैली निकालकर मंत्री का बंगला घेरने निकले। बंगले की ओर बढ़ने से पहले ही पुलिस ने उन्हें बैरिकेड लगाकर मोतीबाग के पास रोक दिया। यहां कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच बहस हो गई। कांग्रेसियों ने मंत्री केदार कश्यप के खिलाफ नारेबाजी कर इस्तीफा देने की मांग की।

उल्लेखनीय है कि इसके पहले कोंडागांव में कांग्रेस ने रविवार की शाम विरोध प्रदर्शन कर मंत्री का पुतला दहन किया था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा पर दोहरे चरित्र का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर भाजपा ने मंत्री के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।

भाजपा के नेता जनता के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं : विकास

रायपुर के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि भाजपा नेताओं का दिमाग 7वें आसमान पर है। भाजपा के नेता जनता के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं। मंत्री केदार कश्यप ने एक कर्मचारी को बंद कमरे में बुलाकर गाली-गलौज कर मारपीट की। पीड़ित कर्मचारी ने अपनी आपबीती खुद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को फोन पर बताई है।

उपाध्याय ने कहा – पुलिस FIR नहीं लिख रही

विकास उपाध्याय ने कहा कि पीड़ित की शिकायत के बावजूद पुलिस एफआईआर दर्ज नहीं कर रही है। कांग्रेस पार्टी उसकी लड़ाई लड़ रही है। इसके उलट कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए सैकड़ों की संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। उन्होंने कहा भाजपा को नैतिकता के नाते मंत्री केदार कश्यप से इस्तीफा लेना चाहिए। जब तब पीड़ित को न्याय नहीं मिलता कांग्रेस की लड़ाई सड़क पर जारी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित कर्मचारी के साथ कोई अनहोनी होती है, तो उसकी जिम्मेदारी भाजपा सरकार और मंत्री केदार कश्यप की होगी।

20 साल में पहली बार सहना पड़ा ऐसा व्यवहार : शिकायतकर्ता

शिकायतकर्ता खितेंद्र पांडेय का कहना है कि, 20 साल से सर्किट हाउस में काम कर रहा हूं, लेकिन इस तरह का व्यवहार उन्हें पहली बार सहना पड़ा। मैं मंत्रीजी का नाश्ता बना रहा था। इस दौरान उनका पीएसओ बुलाने आया। पीएसओ के बुलाने पर मैं पहुंचा। मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि तुमने कमरा क्यों नहीं खोला? कॉलर पकड़कर थप्पड़ मारे। पीए ने मुझे छुड़वाया और अपने साथ ले गया। मैं लकवा पेशेंट हूं। कमरा नहीं खुलने पर उन्होंने मारा।

ऐसा कुछ नहीं हुआ : मंत्री केदार कश्यप

इन आरोपों पर मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेस मुद्दा विहीन है। कांग्रेस के पास केवल भ्रामक प्रचार करने का काम बच गया है। जिस तरह की घटना की बात कहीं जा रही है ऐसा कुछ हुआ ही नहीं है।

BABU RAO

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial
YouTube
Instagram