बलौदाबाजार| पीएम राहत योजना का क्रियान्वयन जिले में भी आरंभ कर दिया गया है। योजना अंतर्गत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को गोल्डन आवर के दौरान एवं अस्पताल में भर्ती अवधि में सात दिवस तक अथवा डेढ़ लाख तक की कैशलेस उपचार सुविधा प्रदान की जाएगी। यह योजना पूर्व में संचालित सीटीआरएवी व्यवस्था का विस्तारित एवं सुदृढ स्वरूप है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राजेश अवस्थी ने बताया कि योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल किसी भी व्यक्ति का राज्य के समस्त मान्यता प्राप्त अस्पतालों में उपचार किया जाएगा।
पंजीकृत 1605 अस्पतालों में यह उपचार होगा
इसके साथ ही आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पंजीकृत कुल 1605 अस्पतालों में भी यह उपचार होगा। उपचार पूर्णतः कैशलेस होगा लाभार्थी अथवा परिजन से कोई राशि नहीं ली जाएगी। इस योजना को अन्य सभी स्वास्थ्य बीमा योजना की अपेक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की जाएगी। योजना में आपातकालीन स्थिरीकरण, आवश्यक जांच, शल्य चिकित्सा, आईसीयू एवं अन्य सभी अनुमन्य व्यय सम्मिलित रहेंगे। प्रकरणों का पंजीयन एवं दावा प्रेषण निर्धारित आईटी पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा। जिले में सभी शासकीय एवं निजी अस्पतालों को बैठक लेकर प्रशिक्षित एवं निर्देशित किया गया है।
पीड़ितों को राहत पहुंचाने में मददगार है योजना
गौरतलब है कि 13 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पीएम राहत योजना का शुभारंभ किया था। यह योजना भारत सरकार की प्रमुख पहल है। सड़क दुर्घटना के दौरान घायलों को तत्काल सहायता की आवश्यकता पड़ती है। यह समय ही घायल के लिए गोल्डन आवर कहा जाता है, ऐसे में पीएम राहत योजना पीड़ित की जान बचाने में काफी मददगार होगी।






