भाटापारा। नगर झूलेलाल मंदिर में आयोजित महाआरती में नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने सहभागिता कर पूजा-अर्चना की तथा प्रभु झूलेलाल जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
महाआरती के उपरांत निकली भव्य शोभायात्रा में भी उनकी गरिमामयी उपस्थिति रही। श्रद्धा, उल्लास और भक्ति से ओत-प्रोत इस आयोजन ने संपूर्ण वातावरण को भक्तिमय बना दिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने पर्व की गरिमा को और अधिक ऊंचाई प्रदान की।
इसी क्रम में चेट्रीचंड्र पर्व पर पूज्य सेंट्रल सिंधी पंचायत एवं पूज्य बिरादरी पंचायत, भाटापारा द्वारा आयोजित भव्य आयोजनों ने समाज को एक सूत्र में पिरोने, सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने तथा नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया। ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता, सहयोग और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देते हैं। अश्वनी शर्मा ने कहा चेट्रीचंड्र पर्व केवल एक धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि हमारी आस्था, एकता, संस्कृति और परंपराओं का जीवंत प्रतीक है। यह पर्व हमें अपनी जड़ों से जुड़े रहने और समाज में प्रेम, भाईचारा एवं सद्भाव को सुदृढ़ करने की प्रेरणा देता है।
सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का है सशक्त माध्यम
सिंधी समाज द्वारा इस प्रकार के भव्य और अनुशासित आयोजन समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। यह हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम है। मैं प्रभु झूलेलाल जी से प्रार्थना करता हूं कि वे समस्त नगरवासियों एवं समाजजनों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली प्रदान करें तथा सभी पर अपनी कृपा सदैव बनाए रखें।






