भटगांव| बलौदाबाजार जिले के भटगांव पुलिस को नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घेराबंदी कर मोटरसाइकिल सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से 6 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया है।
कोरबा के रहने वाले हैं आरोपी
मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति बिना नंबर की मोटरसाइकिल में गांजा लेकर भटगांव की ओर आ रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्धों को रोका। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम रंजू साहू 36 वर्ष, निवासी बलगी शांति नगर थाना बाकी मोगरा जिला कोरबा एवं लक्ष्मण दास मानिकपुरी 36 वर्ष, निवासी नवागांव थाना कटघोरा जिला कोरबा बताया।
जब्त सामग्री की कीमत 70 हजार रुपए आंकी गई
पुलिस द्वारा विधिवत तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल में रखे लाल रंग के बैग एवं डिक्की से प्लास्टिक में पैक 6 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 30 हजार है। इसके अलावा आरोपियों से एक यूनिकॉर्न मोटरसाइकिल कीमत लगभग 40 हजार भी जब्त की। इस प्रकार कुल जब्त सामग्री की कीमत 70 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।






