नई दिल्ली। देश के सबसे व्यस्त इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गुरुवार दोपहर 2 बजे एक बड़ा विमान हादसा होते-होते रह गया। यहां रनवे के पास स्पाइसजेट और अकासा एयर के दो विमान आपस में टकरा गए। इस घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है और सभी सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार, यह घटना गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे की है। अकासा एयर का विमान यात्रियों को लेकर हैदराबाद जाने के लिए अपनी निर्धारित जगह पर खड़ा था। इसी दौरान लेह से उड़ान भरकर दिल्ली पहुंचा स्पाइसजेट का विमान लैंडिंग के बाद टैक्सी वे की ओर बढ़ रहा था। मूवमेंट के दौरान स्पाइसजेट के विमान का दाहिना पंख सीधे खड़े अकासा एयर के विमान के पिछले बाएं पंख से जा टकराया।
घटना के बाद स्पाइसजेट और अकासा के प्लेन दिल्ली में ही खड़े कर दिए गए हैं, यानी इन्हें अगली उड़ान के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। घटना की जांच की जा रही है।
अकासा एयरलाइंस बोला – हमारा विमान पार्किंग एरिया में खड़ा था
अकासा एयरलाइंस के प्रवक्ता ने बताया कि अकासा एयर की दिल्ली से हैदराबाद जा रही फ्लाइट पार्किंग एरिया में खड़ी थी, तभी दूसरे विमान ने उसे टक्कर मार दी। हमारी टीम यात्रियों को जल्द से जल्द हैदराबाद भेजने के लिए दूसरा इंतजाम कर रही है।

















