मुम्बई। महाराष्ट्र के बारामती के काटेवाड़ी स्थित विद्या प्रतिष्ठान मैदान में गुरुवार को महाराष्ट्र के पूर्व डिप्टी सीएम अजित पवार का नम आंखों से अंतिम संस्कार किया गया। उनके दोनों बेटे पार्थ और जय पवार ने मुखाग्नि दी। पत्नी सुनेत्रा पवार ने पति के पार्थिव शरीर पर गंगाजल चढ़ाकर अंतिम विदाई दी। इस मौके पर चाचा शरद पवार और उनकी बेटी सुप्रिया सुले, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मौजूद थे।
अंतिम संस्कार में उमड़ा जन सैलाब
अंतिम संस्कार में जन सैलाब उमड़ पड़ा। महाराष्ट्र के अलावा देश के अन्य राज्यों से भी लोग बड़ी संख्या में पहुंचे। देर रात से लोगों का बारामती पहुंचना शुरू हो गया था। उनके समर्थक बाइक, ट्रैक्टर-ट्रॉली और बस से पहुंचे। अंतिम यात्रा में दो किमी तक लोग ही लोग नजर आ रहे थे।
बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान घटी घटना
विदित हो कि पवार का चार्टर्ड प्लेन बुधवार सुबह बारामती एयरपोर्ट के पास सुबह 8.45 बजे क्रैश हुआ था। यह घटना बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान घटी। हादसे में पवार के सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू समेत 5 लोगों की मौत हुई।






