कोलकाता | पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता सहित राज्य के कई जिलों में शुक्रवार दोपहर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। दोपहर करीब 1.30 बजे आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.4 मापी गई। झटके इतने शक्तिशाली थे कि बहुमंजिला इमारतें हिलने लगीं, जिससे दहशतजदा लोग अपने घरों और दफ्तरों से निकलकर सड़कों पर आ गए।
बांग्लादेश का ढाका था केंद्र
शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस भूकंप का केंद्र पड़ोसी देश बांग्लादेश के ढाका स्थित अगरगांव में जमीन के भीतर था। पश्चिम बंगाल की सीमा से अगरगांव की दूरी महज 26 किलोमीटर बताई जा रही है, यही कारण था कि बंगाल के जिलों में झटकों का असर काफी तीव्र रहा।
इन जिलों में मचा हड़कंप
कोलकाता के अलावा राज्य के अन्य हिस्सों में भी कंपन महसूस किया गया, जिसमें हावड़ा और हुगली में लोगों ने कई सेकंड तक कंपन महसूस किया। झाड़ग्राम और पश्चिम मेदिनीपुर जिलों में भी लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया। कोलकाता में कई इमारतों के सीलिंग फैन हिलते देखे गए और कुछ पुराने मकानों के मामूली रूप से झुकने की भी खबरें हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों की आपबीती
कोलकाता की निवासी स्वगता ने घटना के समय के खौफनाक मंजर को बयां करते हुए बताया, हम सोफे पर बैठे थे तभी अचानक सब कुछ हिलने लगा। सोफा और पंखा तेज हिल रहे थे और टेबल पर रखी बोतल गिर गई। हम बिना वक्त गंवाए तुरंत नीचे की ओर भागे। उस वक्त सिर्फ अपनी जान बचाना ही प्राथमिकता थी।






